Friday, November 9, 2012

निबंध – पति


अक्सर इसके दो हाथ, दो पैर, दो आँखें और दो कान होते हैं। यह लगभग पूरे विश्व में बहुतायत से पाया जाता है। इसके रहने का कोई निश्चित स्थान नहीं होता। इसके स्थायी निवास को घर कहते हैं, जहां आमतौर पर यह भोजन करने और आराम करने आता है। इसकी मादा को पत्नी कहते हैं। कुछ पति शाकाहारी होते हैं और कुछ मांसाहारी। अधिकांश दोनों ही प्रकार का भोजन रुचि से खाते हैं। पूरे विश्व में पाया जाने वाले पतियों से भारतीय पति की प्रजाति कुछ भिन्न होती है। इस निबंध में हम इसी प्रजाति पर चर्चा करेंगे। पत्नियाँ ध्यान दें। पूरी दुनिया जब आपके भोजन को अंगुलियाँ चाट कर खाती है तो पति कहता है, यह क्या बनाया है? इसे तो जानवर भी नहीं खाएँगे।यूं तो इसे लिपस्टिक लगाने वाली महिलाओं से घृणा होती है पर पत्र-पत्रिकाओं में छपी तस्वीरों में लिपस्टिक से रंगे होंठों की यह जी खोलकर तारीफ करता है। जब आप भी वैसी ही लिपस्टिक लगाने की इच्छा जताती हैं तो यह आँखें तरेरकर कहता है कि, हमारे परिवार की कोई महिला लिपस्टिक नहीं लगाती और आप मन मसोसकर कर पारिवारिक एल्बम की तस्वीरों में लगभग सभी के होंठों पर लगी लिपस्टिक देखती रह जाती हैं। लोगों को अक्सर वहम होता है कि, इसे सुंदर पत्नी चाहिए। असल में इसे वही चाहिए जो इसके पास नहीं है। पत्नी बदसूरत हो तो यह पड़ोसी की तरह सुंदर पत्नी चाहता है और अक्सर नाक-भौं सिकोड़कर सोचता है कि इस लंगूर को हूर मिल गयी, मेरी ही किस्मत खराब है। अपनी पत्नी सुंदर हो तो इसे ऐसी पत्नी चाहिए होती है जिसे कोई न देखे और यह उसकी ओर से निश्चिंत रहे। दोनों साथ जाएँ तो हर कोई कहे आप कितने हैंडसम लग रहे हैं और तब यह इतराकर पत्नी पर एक मुस्कान फेंके कि देखो तुम कितनी भाग्यशालिनी हो जो मेरे जैसा स्मार्ट पति मिला। सुंदर पत्नी पाकर यह अपने पड़ोसी की स्थिति में नहीं आना चाहता। पत्नी पढ़ी-लिखी तो हो पर उसकी पढ़ाई केवल दूसरों को बताने के लिए ही हो, पति के सामने पत्नी के ज्ञान की झलक भी मिल जाना घोर अपराध है। अपने से कम पढ़ी हो तो बहुत ही अच्छा। तब यह अक्सर अकल है दो पैसे की?कहकर अपनी भड़ास निकाल लेता है। पत्नी खुद से ज्यादा पढ़ी हो तब भी पति यह जुमला फेंकने से बाज़ नहीं आता, पर उसमें इसे ज़्यादा मज़ा नहीं आता। पत्नी के स्वाभिमान को घर के अंदर आते ही अभिमान साबित करने में इसे एक सेकंड नहीं लगता। पत्नी की कोई सखी पति को ज़्यादा तवज्जो दे तो वह दुनिया की सबसे भली महिला होती है, पर पति का कोई मित्र पत्नी को तवज्जो देता दिख जाये तो वो दुनिया का सबसे खराब व्यक्ति होता है। पड़ोसियों से समस्या होने पर यह अक्सर पत्नी को ही आगे कर देता है और खुद सज्जन ही बना रहता है। यह पत्नी के पैसे का पूरा हिसाब रखता है, पर ज़रूरी कारण से भी पत्नी इसका पर्स देख ले तो उस पर जासूसी का आरोप लगना तय है। यह दोस्तों से मिलने भी जाता है तो यही कहता है कि, ज़रूरी काम से जा रहा हूँ। खाना खाते हुए आप कोई ज़रूरी बात करना चाहें तो यह केवल इशारे से जवाब देता है और दोबारा पूछने पर झल्लाकर कहता है कि, उसे भोजन के समय बात करना पसंद नहीं, पर कोई फोन आ जाये तो से हंस-हंस कर लंबी बात करते देखा जा सकता है। एक दिन अचानक ह झाड़ू उठाकर जाले के साथ भाषण झाड़ने लगता है कि वह कितना सफाई पसंद है और आप कितनी लापरवाह। इस सब के बीच आप मेहनत से झाड़ू-पोंछा किए फर्श को धूल फाँकता देखती रह जाती हैं। आपके मायके का हर आदमी दुर्योधन का रिश्तेदार है और पति का यह जन्मसिद्ध अधिकार है कि अपने शब्दबाणों से उस पर वार करे। उसके किसी रास्ते चलते परिचित पर भी आपने कोई टिप्पणी कर दी तो......आप तो हैं ही दुर्योधन के रिशतेदारों के परिवार से। पति जब शंका करता है तो वह आपकी सुरक्षा के लिए चिंतित होता है और आप शंका करती हैं तो ईर्ष्यालु-शंकालु। आप खुश होंगी तो यह आपको खुश रखने का हरसंभव प्रयास करेगा, लेकिन कभी आप उदास होंगी और सच में ज़रूरत होगी कि कोई आपको हंसा दे तो यह आँखें लाल करके पूछेगा, मुंह पर बारह क्यों बजा रखे हैं?इतना सुनकर आपको रोना नहीं हँसना है। आप ऐसा नहीं कर पातीं तो यह एक मिनट पहले उतारे अपने जूते फिर पहनते हुए कहेगा कि, घर आओ तो इसकी मनहूस शक्ल देखो और बाहर निकल जाएगा। जब आप स्वस्थ होंगी और फिरकी की तरह काम कर रही होंगी तो यह अच्छे बच्चे की तरह खाना खाकर अपनी थाली रसोई में रख देगा, लेकिन कभी आप बीमार पड़ गईं और आपने हीन भाव से कहा कि, ज़रा दवा पकड़ा दो, तो कहेगा, उठकर ले लो, मर नहीं जाओगी। दवा लेकर आप काम में लग गईं तो ठीक, वरना यह बहुत परेशान हो जाएगा, न न….. कोई गलतफहमी मत पालिए, आपके लिए नहीं, बल्कि उन कामों के लिए जो उसे कभी नहीं करने और न करने की कोई योजना ही है। इस परेशानी और चिंता में वह दो-सिगरेट फूँकेगा और बाहर चला जाएगा। वापस आने पर खाना मिल गया तो ठीक वरना भूखा ही सो जाएगा। वह भूखा सोया यह उसका बहुत बड़ा एहसान है आप पर। आप.......?? आप ने तो काम नहीं किया, आपको तो भूखा सोना ही चाहिए। बिना दवा और खाने के ठीक होना आपकी ड्यूटी है। उनके किसी रिश्तेदार के बीमार पड़ने पर आप सेवा करती हैं तो आपने ठीक किया, लेकिन आपके बीमार पड़ने पर वह रिश्तेदार कन्नी काट ले तो यह आपका नकचढ़ापन है जो उसने ऐसा किया। आप ही को किसी का काम पसंद नहीं आता। अब आप सोचती रहिए बैठ कर कि किसने, कब, क्या काम किया था जिसमें आपने मीन-मेख निकाले थे। वैसे तो उसे दुनिया की हर महिला आपसे अधिक सुंदर दिखती है, पर यदि आपने ब्यूटीपार्लर जाने की इच्छा जता दी तो वह आपकी सुंदरता में कसीदे पढ़कर कहेगा कि चुड़ैलें जाती हैं ब्यूटीपार्लर, तुम्हारे जैसे सुंदरी को इसकी कोई ज़रूरत नहीं। यूं तो इस प्रजाति के सभी सदस्य लगभग एक से ही होते हैं, पर कुछ गुण उन्हें एक-दूसरे से अलग करते हैं। इस तरह हर पति दूसरे से थोड़ा-बहुत भिन्न होता है। यह निबंध अल्प ज्ञान और अनुभव पर आधारित है। आप इसमें अपने सर्वेक्षण और अनुभव के आधार पर जोड़-घटा करने को स्वतंत्र हैं। हम आपके अनुभवों के आधार पर भविष्य में आवश्यक सुधार करेंगे।

5 comments:

  1. Aisa hi hota agar to koi pita itne itminan se apni beti ka haath yun kisi ajnabi ke haath mein kabhi na deta.

    ReplyDelete
  2. Diwaar par ball fekne par waapis aati hai, niyam hai. Pati yehi khel khelta hai. Waapis aayi ball ko catch karne ke sukh ka andaaza to hum laga hi sakte hain. Fir jab patni sab sukh deti hai to ye bhi deti rahe, kya harz hai. Waise didi, pati apni patni ko bahut pyar karte hain, jatate chahe na ho. Aaj apne mata-pita ko dekhe wo ek perfect couple hai. jabki wo thei nahi, unka rishta gradually develop hua hai. inhi sab rasto se, baato se, taano se guzar kar. jo sehte nahi wo kabhi jaan nahi pate ke ek atoot rishta hota kaisa hai. Aap dekhein patni ko taane dene wala pati ek din ma se alag ho jata hai kyon ke saas bahu ek saath nahi reh pa rahi, aur dekhein, aadmi jab koi galti karta hai to wo ma se chupaye ya nahi par uski puri koshish hoti hai ke patni ko pata na chale, observe kiya hoga aapne bhi aisa dar aadmi ka. phir ye taane ulhaane to bus uski frustration hai ya diwaar par ball fekne ka game bas. Mere vichar mein ye dunia ka sabse sundar rishta hai, sab kamiyon ke baavjood..

    ReplyDelete
  3. Pati hona ya patni hona ek rishta hai. or jo pati/patni hota/hoti hai vah pehle ek insaan hai or dunia me koi bhi insaan ek jaisa nahi hota. to sir ek anubhav se sabhi ke bare me nishkarsh nahi nikala ja sakta. Dayniya ya Zalim hona har vyakti ke swabhav par nirbhar karta hai uske pati ya panti hone par nahi.

    ReplyDelete
  4. आदरणीया चिदार्पिता जी,
    भारतीय संस्कृति में पति और पत्नी का सम्बन्ध बड़ा ही पवित्र माना गया है |आपने जो 'पति'का एक भयावह चेहरा उपस्थित किया है,वह आपके निजी अनुभव की उपज है |आपके अपने अनुभवों में उतरा कोई निहायत स्वार्थी और कुंठित व्यक्ति कुल दस प्रतिशत लोगों का प्रतिनिधि हो सकता है,अधिसंख्य का नहीं|आपकी यह बात अठारहवीं सदी की लगती है |बदलते ज़माने पर भी गौर फरमाइए |अब कितनी पत्नियाँ यह सब झेलने को तैयार हैं |

    ReplyDelete